– मेधावी छात्र व श्रेष्ठ शिक्षक हुए सम्मानित
हनुमानगढ़। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारत विकास परिषद, हनुमानगढ़ संगम शाखा द्वारा ‘गुरु गौरवम्, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन हनुमानगढ़ जंक्शन के चिल्ड्रन ड्रीम्स पब्लिक स्कूल एवं डीएवी पब्लिक स्कूल में किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट शिक्षकों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। चिल्ड्रन ड्रीम्स पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने शिक्षकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया, जबकि डीएवी पब्लिक स्कूल में शिक्षकों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। भारत विकास परिषद की ओर से दोनों विद्यालयों में पांच-पांच उत्कृष्ट शिक्षकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले पांच-पांच मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परिषद के सदस्य सत्यदेव आर्य ने विद्यार्थियों को भारत विकास परिषद के उद्देश्यों की जानकारी दी। शाखा अध्यक्ष महेश जसूजा ने परिषद की विभिन्न सेवा एवं संस्कार आधारित गतिविधियों पर प्रकाश डाला। शाखा सचिव प्रदीप मित्तल ने कहा कि ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ परिषद का महत्वपूर्ण प्रकल्प है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कारों का विकास करना तथा गुरुओं के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना है। चिल्ड्रन ड्रीम्स पब्लिक स्कूल की प्राचार्य अंजू बंसल ने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना की। वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य मीनू गुप्ता ने परिषद द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी हर गतिविधि में विद्यालय की सहभागिता का आश्वासन दिया। विद्यालय प्रशासन की ओर से परिषद की कार्यकारिणी का भी मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष महेश जसूजा, सचिव प्रदीप मित्तल, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, सहसचिव योगेश बलाडिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश जैन, संरक्षक अंजू बंसल, पर्यावरण संयोजक नरेश मेहन, उपाध्यक्ष अंकुर मुंजाल, महावीर बंसल, विशाल शर्मा, प्रेम जैन सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
