हनुमानगढ़। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस इस वर्ष देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में धूमधाम से मनाया जाएगा। तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि झांकियों का प्रदर्शन आकर्षक एवं प्रभावी हो। राजकीय विद्यालयों में सामूहिक गायन, व्यायाम प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सभी राजकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम गरिमा के अनुरूप आयोजित किए जाएं। उन्होंने परेड, मार्चपास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, उद्घोषणा व्यवस्था तथा अन्य सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सभी राजकीय कार्यालयों में सुबह 7:45 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद जिला कलक्टर निवास पर सुबह 8:00 बजे, जिला कलक्ट्रेट में 8:30 बजे तथा मुख्य जिला स्तरीय समारोह राजकीय नेहरू मेमोरियल पीजी महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण के साथ आयोजित किया जाएगा। जिला कलक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, भामाशाहों एवं अन्य सम्मान योग्य व्यक्तियों के नाम 10 अगस्त तक जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीणा, एसडीएम मांगीलाल सुथार, लोक सेवाएं सहायक निदेशक डॉ. दिव्या, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकंवर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
