– उत्कर्ष चेस क्लब की पहल, 9 अगस्त को होगी ‘सर गैलीलियो गैलीली चेस टूर्नामेंट-2026’, 22 हजार की पुरस्कार राशि, ओपन व अंडर-13 वर्ग में मुकाबले
हनुमानगढ़। शहर में शतरंज को नई पहचान देने और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से उत्कर्ष चेस क्लब की ओर से ‘सर गैलीलियो गैलीली चेस टूर्नामेंट-2026’ का आयोजन 9 अगस्त को किया जाएगा। प्रतियोगिता टाउन की नई आबादी स्थित पंचायत धर्मशाला (गली नंबर 17 व 18) में सुबह 8.30 बजे से शुरू होगी। बुधवार को गुरु पूर्णिमा के मौके पर आयोजकों की ओर से टूर्नामेंट के पोस्टर का विमोचन किया गया। क्लब के उत्कर्ष धींगड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हनुमानगढ़ को नशामुक्त बनाने के जन-जागरूकता अभियान को गति देना तथा युवाओं और बच्चों में शतरंज के प्रति रुचि विकसित करना है। उनका कहना है कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन, एकाग्रता और सही निर्णय लेने की कला सिखाने वाला माध्यम है, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। धींगड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में ओपन और अंडर-13 दो वर्गांे में मुकाबले होंगे। कुल 22 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के साथ विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। ओपन वर्ग में विजेता को 5100, उपविजेता को 3100 तथा तीसरे स्थान पर 2100 रुपए का पुरस्कार मिलेगा। वहीं अंडर-13 वर्ग में प्रथम पुरस्कार 3100, द्वितीय 2100 और तृतीय 1100 रुपए निर्धारित किया गया है। इसके अलावा दोनों वर्गांे में चौथे से छठे तथा सातवें से दसवें स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता फिडे के नवीनतम नियमों के अनुसार स्विस सिस्टम से आयोजित होगी। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले रिपोर्टिंग करनी होगी। खेल क्षेत्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी तथा मुख्य निर्णायक का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा। प्रतियोगिता के लिए 4 अगस्त तक पंजीकरण शुल्क 600 रुपए (अर्ली बर्ड ऑफर) रखा गया है, जबकि इसके बाद 700 रुपए शुल्क देय होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 8 अगस्त सुबह 10 बजे निर्धारित की गई है। आयोजन में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट, भोजन एवं आकर्षक उपहारों की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में सीमित सीटें उपलब्ध हैं, इसलिए इच्छुक खिलाड़ी समय रहते अपना पंजीकरण करवा लें। इस मौके पर रोशन कुमार, बजरंग, मोहित धींगड़ा, चीनू आहुजा, सोनू रॉय, केशव बिश्नोई, नवनीत कौर, अनिल अरोड़ा, मनीषा सैनी मौजूद रहे।
