– बेड़े में शामिल हुईं अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस गाड़ियां, अब डिपो में बसों की संख्या बढ़कर 90 हुई
– जयपुर व अंतरराज्यीय रूटों के साथ बंद पड़े मार्गांे पर भी होगा संचालन
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से हाल ही में हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई राजस्थान रोडवेज की 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों में से 11 बसें हनुमानगढ़ रोडवेज डिपो को मिली हैं। इन नई बसों के शामिल होने से हनुमानगढ़ डिपो के बेड़े में बसों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। इनमें निगम की 63, अनुबंधित 16 और अब 11 नई बसें शामिल हैं। हनुमानगढ़ डिपो के मुख्य प्रबंधक हामिद अली ने बताया कि सभी नई बसें आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों से लैस हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के साथ-साथ चालक की बेहतर विजिबिलिटी को ध्यान में रखते हुए बसों में अलग-अलग ग्लास व्यू पॉइंट बनाए गए हैं, जिससे वाहन संचालन अधिक सुरक्षित हो सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बस में पांच इमरजेंसी एग्जिट, पैनिक बटन, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, दो सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और तकनीक आधारित यात्रा का अनुभव मिलेगा। मुख्य प्रबंधक ने बताया कि नई बसों का संचालन मुख्य रूप से जयपुर और अंतरराज्यीय मार्गांे पर किया जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़े कुछ रूटों पर भी इन बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे जहां यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं रोडवेज के राजस्व में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में हाल ही में 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के 22 डिपो के लिए रवाना किया था। नई बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (वीएलटीएस), पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी डिस्प्ले तथा बीएस-6 मानक इंजन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण यात्रा का लाभ मिलेगा। इस मौके पर विकास कुमार नैन, विजेन्द्र सिंह मीणा, विक्रांत सहारण, राकेश ढाका, गुरसेवक सिंह, सुनील सिहाग, रणधीर सिंह पूनिया, मदन सिंह यादव, अरविंद्र सैनी, केसर सिंह, विजय विश्नोई व बलराम नाथ मौजूद रहे।
