हनुमानगढ़। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक घबराहट से बचने का आग्रह किया है। प्रशासन के अनुसार जिले की सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों की नियमित सप्लाई जारी है तथा पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित समयावधि 25 दिन के भीतर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाएं और संबंधित एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त करें। जिला प्रशासन ने बताया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने कहा कि गैस आपूर्ति के संबंध में झूठी या भ्रामक अफवाहें फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हनुमानगढ़ पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी बनाए हुए है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत सूचना पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।
