ऐलनाबाद। जिला सिरसा की पी.ओ. स्टाफ पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चेक बाउंस मामले में वांछित एक भगोड़ा आरोपी को गांव हारनी क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पी.ओ. स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत द्वारा बार-बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वह निर्धारित तिथियों पर अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर माननीय न्यायालय ने 13 अक्टूबर 2025 को आरोपी कर्मजीत सिंह को भगोड़ा (पी.ओ.) घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 209 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच पी.ओ. स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कर्मजीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी गांव हारनी, जिला सिरसा को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।
