हनुमानगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओर से मेडिकल कौशल 2026 प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। इसी क्रम में फिजिक्स वाला के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और चिकित्सा क्षेत्र की बारीकियों को नजदीक से समझा। आज की जागरूकता, सुरक्षित कल विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम, प्राथमिक उपचार, स्वच्छता और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में विभिन्न मॉडल, चार्ट और प्रेजेंटेशन के माध्यम से जटिल विषयों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं को समझने में आसानी हुई। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान फिजिक्स वाला के छात्र-छात्राओं ने प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन किया और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी नई-नई जानकारियां हासिल कीं। छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से कई सवाल भी पूछे, जिनका समाधान मौके पर ही किया गया। प्रदर्शनी ने छात्र-छात्राओं के मन में चिकित्सा क्षेत्र के प्रति जिज्ञासा और रुचि को और अधिक बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए समर्पण, अनुशासन और निरंतर अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उनके भविष्य निर्माण में सहायक साबित होते हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को न केवल मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी मिली, बल्कि उन्हें यह भी समझने का अवसर मिला कि एक चिकित्सक बनने के लिए किस प्रकार की पढ़ाई और प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। इससे भावी चिकित्सकों के रूप में उनकी सोच को दिशा मिली।
