ऐलनाबाद। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को सिरसा के लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर मे जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र ने आमजन की शिकायतें सुनी और विभागों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। सीईओ डा. सुभाष चंद्र ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि समस्याओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुलझाया जा सके। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि वे एक ही स्थान पर अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि हर सोमवार व वीरवार को कार्यदिवस के दिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नागरिक जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले समाधान शिविर में अपनी समस्याएं रख सकते हैं।
