हनुमानगढ़। जमीन विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के बीच मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। तलवाड़ा झील पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिवादी विनोद (30) पुत्र रामकुमार जाट निवासी चक 14 डीबीएल, डबलीकलां ने रिपोर्ट दी कि उसके नाम कृषि भूमि साझा खाते में दर्ज है। भूमि के बंटवारे को लेकर उसने सहायक कलक्टर, टिब्बी के समक्ष वाद प्रस्तुत किया हुआ है। परिवादी का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 22 फरवरी को वह अपने खेत में बैठा था, तभी उसका चचेरा भाई कपिल वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर कपिल ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान राधाकृष्ण उर्फ लीलाधर भी मौके पर पहुंचा और उसने भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बताया गया कि खेत में मौजूद अमनदीप ने बीच-बचाव कर परिवादी को छुड़वाया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। जाते समय आरोपियों ने जमीन पर जबरन कब्जा करने और जान से मारने की धमकी दी। परिवादी ने आशंका जताई है कि आरोपी उसे जान-माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक फरसाराम को सौंपी गई है।
