हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र के गांव बरमसर के पास बुलेट वोल्वो बस और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में घायल एक और युवक की मौत हो गई है। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल धर्मंेद्र वर्मा पुत्र अशोक वर्मा निवासी सेक्टर 6, हनुमानगढ़ जंक्शन को उपचार के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया था, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इससे पहले हादसे में अजय बंसल व श्यामलाल दोनों निवासी नई धानमंडी, हनुमानगढ़ टाउन, बस चालक हरीराम जाट निवासी रोही मुंडा, अल्का सोलंकी निवासी नागौर हाल श्रीगंगानगर तथा विपिन मुखर्जी निवासी हनुमानगढ़ जंक्शन की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, हादसे में सुमन, महेंद्र कुमार, आदित्य, अरविंद जाट और रिचु नागपाल सहित कई लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल बालक दक्ष और बस परिचालक जयवीर को भी हायर सेंटर रेफर किया गया था। घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मेगा हाइवे पर बरमसर के पास हुई। सड़क किनारे सरसों से भरी ट्रॉलियां खड़ी थीं, जिन्हें ओवरटेक करते समय बस की सामने से आ रहे ट्रेलर से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 10 लोग घायल हुए थे। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से रावतसर ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
