हनुमानगढ़। नवरात्रा के पावन अवसर पर भद्रकाली माता मंदिर में लगने वाले विशाल मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद, एसडीएम हनुमानगढ़ मांगीलाल तथा सीओ सिटी मीनाक्षी ने भद्रकाली माता मंदिर पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, दर्शन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ प्रबंधन को सुचारु रूप से संचालित किया जाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद ने बताया कि नवरात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भद्रकाली माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं एसडीएम मांगीलाल ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेले के दौरान समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सीओ सिटी मीनाक्षी ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए और कहा कि भीड़ अधिक होने की स्थिति में अतिरिक्त प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित तरीके से माता भद्रकाली के दर्शन का लाभ मिल सकेगा।
