हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फेफाना थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 855 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध हथियारों की तस्करी, जुआ-सट्टा तथा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सघन निगरानी रखते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर नोहर गीता चौधरी तथा वृताधिकारी नोहर सुभाषचन्द्र के निकटतम सुपरविजन में थाना फेफाना के थानाधिकारी नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं, जिस पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 855 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से रखा और सप्लाई करने की आशंका जताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी की पहचान शाहरुख खान (26) पुत्र महबूब खान निवासी वार्ड नंबर 15, फेफाना जिला हनुमानगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और नशीले कैप्सूल जब्त कर लिए। इस संबंध में पुलिस थाना फेफाना में प्रकरण संख्या 31/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 (बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की आगे की जांच थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से नशीले कैप्सूल की सप्लाई चेन, स्रोत और संभावित नेटवर्क के बारे में भी गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य सहायक उपनिरीक्षक रामप्रताप, संदीप कुमार, मनीष कुमार तथा सुरेश कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।
