हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संगरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19,700 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट्स बरामद की हैं। जब्त की गई इन नशीली दवाओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक अरविन्द ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा गैंगस्टर और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत वृताधिकारी वृत संगरिया रमेश माचरा के निकटतम सुपरविजन में पुलिस थाना संगरिया के थानाधिकारी अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान अमृतसर–जामनगर हाईवे पर भारतमाला रोड स्थित रोही फतेहपुर के पास एक संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 19,700 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट्स ट्रामाडोल एचसीएल (Tramadol HCL) बरामद की गईं। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नशीली दवाओं की तस्करी में प्रयुक्त कार (नंबर PB 13 BN 4848) को भी जब्त कर लिया गया। इस संबंध में पुलिस थाना संगरिया में अभियोग संख्या 125/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/22 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान पुलिस थाना तलवाड़ा के थानाधिकारी जगदीश सिंह द्वारा किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं तथा नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से लाई गई थी और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचनाएं एकत्र करने में जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह (31) पुत्र धन्ना सिंह निवासी भैणी, थाना नथाणा जिला बठिंडा (पंजाब) तथा गुरदेव सिंह उर्फ गोरासिंह (40) पुत्र इकबाल सिंह निवासी भैणी, थाना नथाणा जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी अमर सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार, लाल सिंह, मनदीप सिंह, राजकुमार तथा चालक तेजेंद्र सिंह और कांस्टेबल चालक शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
