हनुमानगढ़। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.270 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिले के जंक्शन थाना क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार एएनटीएफ चौकी हनुमानगढ़ को गुप्त सूचना मिली थी कि सतीपुरा पुलिया के पास बी.आर. धर्मकांटा से पहले सड़क पर एक व्यक्ति अफीम का दूध सप्लाई करने के लिए आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनटीएफ टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और मौके पर पहुंचकर सतीपुरा पुलिया के आसपास सादा वेश में तैनात होकर संदिग्ध व्यक्ति का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद टीम को एक युवक चौकड़ीदार शर्ट पहने हुए हाथ में थैला लटकाए संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने उस पर निगरानी बनाए रखी और पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन की टीम को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर युवक के पास मौजूद थैले से 1.270 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम का दूध बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश पुत्र ताराचंद सहारण (22) निवासी सरदारपुरा खर्ता, तहसील सूरतगढ़, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह अवैध मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था। साथ ही इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में एएनटीएफ मुख्यालय, एएनटीएफ चौकी मालारामपुरा हनुमानगढ़ तथा पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन की टीम की विशेष भूमिका रही। सफल कार्रवाई को लेकर एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन में शामिल अधिकारियों और जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी को मादक पदार्थों की तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कोई जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
