– स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित, योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला प्रभारी अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने शुक्रवार दोपहर स्वास्थ्य भवन (सीएमएचओ कार्यालय) में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली, जो देर शाम तक जारी रही। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर खंडवार विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा, आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, जिला वैक्सीन स्टोर के डीपीसी डॉ. प्रीत मोहिंदर सिंह सहित जिले के सभी बीसीएमओ एवं बीपीएम उपस्थित रहे। डॉ. पवन कुमार ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कार्मिक पूर्ण जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने हीटवेव प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को राहत देने के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, साथ ही चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाओं, ओआरएस, आईवी फ्लूड एवं अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सक्रिय खोज, समय पर जांच और नियमित उपचार सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीबी मरीजों की पहचान, ट्रैकिंग और फॉलोअप में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए भी विशेष रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए। डॉ. पवन कुमार ने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा फील्ड स्तर पर सर्वे एवं नियंत्रण गतिविधियां तेज की जाएं। बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक बालिकाओं तक पहुंच बनाकर इस महत्वपूर्ण वैक्सीनेशन को सफल बनाया जाए, ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त चिकित्सा संस्थानों में दवाओं एवं आवश्यक जांच सुविधाओं की उपलब्धता, फायर सेफ्टी उपायों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि जिला प्रभारी अधिकारी डॉ. पवन कुमार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके अलावा एचपीवी वैक्सीनेशन, हीटवेव प्रबंधन, मौसमी बीमारियों, भवन निर्माण, ई-उपकरण, आवश्यक दवाइयों के संबंध में बीसीएमओ-बीपीएम द्वारा खण्ड में विशेष मॉनिटरिंग की जाए ताकि स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आमजन को अधिक से अधिक चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थान आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और जिले के स्वास्थ्य सूचकांकों में निरंतर सुधार हो।
