संगरिया। अनुसूचित जनजाति के जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग को लेकर क्षेत्र में धानका समाज का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को मजदूर दिवस के अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी एवं कृषि उपज मंडी समिति के सचिव को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। संघर्ष समिति के नेताओं का कहना है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर सरकार और जिला कलेक्टर द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ज्ञापन देने के बाद उपखंड अधिकारी ने आंदोलनकारियों को अपने चैंबर में बुलाकर चर्चा की और आश्वासन दिया कि इस संबंध में जिला कलेक्टर से वार्ता की जाएगी। प्रशासन द्वारा 6 मई तक का समय मांगे जाने पर संघर्ष समिति ने निर्णय लिया है कि तब तक शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा। यदि 6 मई तक जाति प्रमाण पत्र बनना शुरू नहीं हुए, तो धानका समाज एवं मजदूर संगठनों द्वारा कृषि उपज मंडी में पूर्ण रूप से कार्य बंद किया जाएगा। धरने पर मुख्य रूप से संयोजक जितेंद्र सोलंकी, रामचंद्र सहित समाज के कई प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई।
