जयपुर। जयपुर के निविक हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशभर के डॉक्टरों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (राजस्थान) ने 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक राज्य के सभी निजी अस्पतालों में ओपीडी और आईपीडी सेवाएं बंद रखने का ऐलान किया है। आईएमए के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा के अनुसार, जिस मामले में डॉ. बंसल को गिरफ्तार किया गया है, उसमें पूर्व में गठित मेडिकल बोर्ड ने किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई थी। इसके बावजूद आरजीएचएस से जुड़ी कथित छोटी अनियमितताओं के आधार पर एक प्रतिष्ठित चिकित्सक के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई और गिरफ्तारी को अनुचित बताया गया है। इस मुद्दे पर आईएमए राजस्थान की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और अन्य चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस कार्रवाई के विरोध में सामूहिक हड़ताल की जाएगी। आईएमए ने अपील की है कि इस दौरान निजी अस्पतालों के साथ-साथ निजी मेडिकल कॉलेज, पैरामेडिकल सेवाएं और अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थान भी हड़ताल में शामिल हों। संगठन ने सरकारी डॉक्टरों और सरकारी चिकित्सा संस्थानों से भी आंदोलन में भागीदारी करने का आह्वान किया है, ताकि विरोध को व्यापक बनाया जा सके। बताया गया है कि हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी निर्णय स्थानीय स्तर पर लिया जाएगा, जिससे मरीजों को न्यूनतम असुविधा हो।
