हनुमानगढ़। रावतसर में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी कर ली। वारदात के समय मकान मालिक परिवार सहित खेत गया हुआ था। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर परिवार वापस घर पहुंचा तो ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। रावतसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रावतसर के वार्ड नंबर 31 निवासी भूराराम (61) पुत्र माडूराम नायक ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि वह 20 अगस्त को सुबह करीब 11.30 बजे परिवार के साथ वाहन से चक 5 डीडब्ल्यूएम स्थित खेत पर गया था। दोपहर करीब 2.10 बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर भूराराम परिवार के साथ वापस घर पहुंचा। घर के मुख्य दरवाजे सहित अंदर के सभी ताले टूटे हुए थे। अलमारियां भी टूटी मिलीं और कपड़े व अन्य सामान बिखरा हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात चोर घर से 20 ग्राम की सोने की झुमकी, करीब 20 ग्राम वजन की चार सोने की अंगूठियां, 10 ग्राम चांदी का कड़ा, करीब 150 ग्राम चांदी की पैरों की कड़ियां, तीन चांदी के सिक्के और करीब एक ग्राम वजन का सोने का सिक्का चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोर करीब 30 हजार रुपए नकद और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। डीवीआर चोरी होने से पुलिस के लिए घर में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग हासिल करना भी चुनौती बन गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक अमर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अज्ञात आरोपियों की पहचान और चोरी गए आभूषण व नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
