हनुमानगढ़। किराए पर दी गई तीन गाड़ियां वापस नहीं करने और करीब दो माह का किराया नहीं देने के आरोप में रावतसर पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ है। गांव नौरंगदेसर निवासी घनश्याम ने जयपुर निवासी अमित कुमार के खिलाफ रिपोर्ट देकर वाहन वापस दिलाने और बकाया किराया राशि दिलाने की मांग की है। पुलिस के अनुसार हनुमानगढ़ तहसील के गांव नौरंगदेसर निवासी घनश्याम (32) पुत्र ओमप्रकाश ब्राह्मण ने रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उसने तीन वाहन अमित कुमार पुत्र विजयसिंह निवासी प्रताप नगर, सांगानेर, जयपुर को किराए पर दिए थे। इनमें महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक एस11 एमटी 7एस सीसी (25 बीएच 6619 के) को 35 हजार रुपए प्रतिमाह, मारुति टूर एस सीएनजी (आरजे 13 टीए 3404) को 38 हजार रुपए प्रतिमाह तथा महिंद्रा स्कॉर्पियो एस11 (आरजे 10 यूए 7741) को 30 हजार रुपए प्रतिमाह के किराए पर देने की बात रिपोर्ट में कही गई है। घनश्याम के अनुसार अमित कुमार पहले समय-समय पर वाहनों का किराया देता रहा, लेकिन पिछले दो माह से किराया राशि नहीं दी गई। किराया मांगने पर टालमटोल की जाती रही। घनश्याम ने बताया कि किराया नहीं मिलने के कारण उसके वाहनों की किश्तें भी बकाया हो गईं। जब उसने अपने वाहन वापस मांगे तो अमित कुमार ने वाहन लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उसे वाहन और किराया दोनों नहीं देने की बात कही। घनश्याम ने बताया कि इस संबंध में उसने 24 जुलाई 2026 को भी पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस कार्रवाई के बाद उसे उसकी मारुति टूर एस सीएनजी वापस मिल गई, लेकिन अन्य दो वाहन अभी तक वापस नहीं मिले हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से दोनों वाहन बरामद करवाने तथा बकाया किराया राशि दिलवाने की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक शम्भूदयाल को सौंपी है। पुलिस पूरे मामले में वाहन संबंधी दस्तावेजों, किराए की शर्तांे और लेन-देन सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
