नोहर। उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक हामिद अली के निर्देशानुसार दिव्यांग उपकरण, वाकिंग स्टिक तथा रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण एवं आवेदन जागरूकता शिविर का आयोजन शुक्रवार को नोहर स्थित सिंधी मंदिर धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंधी समाज अध्यक्ष रमेश कुमार वाधवानी ने की। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में रोडवेज हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक हामिद अली तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सिंधी समाज जिला अध्यक्ष हरीश कुमार वाधवानी, नोहर संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष संजय कुमार मोदी, सचिव सुशील कुमार सिपानी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार बेनीवाल, अमरलाल साहेब मंदिर कमेटी अध्यक्ष टीकमचंद मोटवानी तथा ब्लॉक विशेष शिक्षा प्रभारी भागमल सैनी उपस्थित रहे। दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति अध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण तथा शिवाजी बस स्टैंड नोहर के रोडवेज बुकिंग प्रभारी रामचन्द्र शर्मा ने बताया कि पीड़ित, गरीब और असहाय व्यक्तियों की सहायता करना मानव का सबसे बड़ा धर्म है। इसी सेवा भावना के तहत आयोजित इस शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग नोहर के सहयोग से चलने-फिरने में असमर्थ दो दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान की गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इसके साथ ही राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ द्वारा दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न श्रेणियों के कुल 580 रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड मौके पर ही वितरित किए गए।

वहीं समिति एवं सिंधी समाज के सहयोग से 80 वर्ष से अधिक आयु के 20 वृद्धजनों को सहारे के रूप में वाकिंग स्टिक भेंट की गई। कार्यक्रम में अतिथियों ने दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, वृद्धजनों को वाकिंग स्टिक तथा लाभार्थियों को रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरित करते हुए इनके उपयोग और लाभ के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों को रोडवेज बसों में यात्रा करने और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। रोडवेज मुख्य प्रबंधक हामिद अली ने निगम द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को राजस्थान की सीमा तक रोडवेज बसों में अधिक से अधिक यात्रा कर सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। शिविर के दौरान विभिन्न श्रेणियों के 120 नए आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिन्हें ऑनलाइन कर निगम की पास शाखा को भेजा जाएगा, ताकि आगामी दिनों में पात्र लोगों को लाभ मिल सके। शिविर में रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण और आवश्यक कागजी कार्यवाही पूर्ण करवाने में शिवाजी बस स्टैंड नोहर के रोडवेज टिकट बुकिंग प्रभारी गगनदीप शर्मा, विशेष शिक्षक जयपाल, विनोद कटारिया, अल्का, समाजसेवी राजेन्द्र बंसल और प्रदीप दीक्षित ने दिनभर अपनी सेवाएं दीं, जिसकी अतिथियों और आमजन ने सराहना की। कार्यक्रम का मंच संचालन मुकेश कुमार गिदवानी ने किया, जबकि अंत में सिंधी समाज जिला अध्यक्ष हरीश कुमार वाधवानी और तहसील अध्यक्ष रमेश कुमार वाधवानी ने सभी अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रोडवेज ट्रैफिक मैनेजर सुरेश कुमार गोदारा, सेवाराम मोटवानी, ओमप्रकाश चौधरी, राजकुमार मोटवानी, हुणताराम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, रोडवेज कर्मचारी, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
