– पीलीबंगा, कैंचियां एवं गोलूवाला में मिठाइयों के प्रतिष्ठानों की जांच, विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में 26 एवं 27 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा दल ने पीलीबंगा, कैंचियां एवं गोलूवाला में संचालित 12 मिष्ठान भंडारों की निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल संग्रहित किए। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने पीलीबंगा में संचालित मैसर्स सुमन फूड प्रोडक्ट्स से मिल्क केक, मैसर्स लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से मावा, मैसर्स मां भगवती जोधपुर स्वीट होम से मावा, मैसर्स अनिल स्वीट्स से पनीर, मैसर्स पीआरपी स्वीट्स एंड केटर्स से रसगुल्ला तथा मैसर्स श्री राधिका जोधपुर मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला के सैंपल लिए। इसी प्रकार, कैंचियां में संचालित मैसर्स बालाजी मिष्ठान भंडार से मिल्क केक का सैंपल संग्रहित किया गया। वहीं, गोलूवाला में मैसर्स महारानी भटियाणी जोधपुर स्वीट्स से मावा बर्फी, मैसर्स बीकानेर मिष्ठान भंडार से सेटपीस एवं मीठा मावा तथा मैसर्स सुमन मिष्ठान भंडार से मावा के सैंपल लिए गए। इसके अतिरिक्त कैंचियां बस स्टैंड पर बीकानेर से आई एक बस में मैसर्स पवन स्वीट्स के रसगुल्ले के 10 टिन बॉक्स पहुंचने पर खाद्य सुरक्षा दल ने उनके भी सैंपल संग्रहित किए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए संग्रहित किए गए सैंपल बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार एवं संजय कुमार, गार्ड योगेश शर्मा तथा वाहन चालक गुरुशरण सिंह मौजूद रहे।
