– रावतसर में भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न, कार्यकर्ताओं को दी वैचारिक और संगठनात्मक सीख
रावतसर। भारतीय जनता पार्टी देहात मंडल द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का सोमवार को नारायण टॉवर में उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। प्रशिक्षण शिविर में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और आधुनिक राजनीतिक कार्यशैली को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस पर वैचारिक सत्रों की शुरुआत हुई। इस दौरान बलवीर बिश्नोई ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर संगठन की मूल विचारधारा, सिद्धांतों और राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके बाद द्वितीय सत्र में सुभाष साहरण ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन्हें आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। द्वितीय दिवस पर आयोजित सत्रों में संगठनात्मक मजबूती और आधुनिक कार्यशैली पर विशेष जोर दिया गया। तृतीय सत्र में प्रदीप एरी ने बूथ प्रबंधन व मन की बात विषय पर संबोधित करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। वहीं चतुर्थ सत्र में कृष्ण तायल ने सोशल मीडिया और नमो ऐप के प्रभावी उपयोग को लेकर प्रशिक्षण दिया, जिससे कार्यकर्ता डिजिटल माध्यमों के जरिए संगठन को और अधिक मजबूत बना सकें। पंचम सत्र में मंडल प्रभारी मुरलीधर सोनी ने संगठन की कार्य पद्धति पर विस्तार से जानकारी दी, जबकि षष्ठम सत्र में नंदलाल वर्मा ने कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि विषय पर संगठन के विस्तार और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। अंतिम सत्र में भाजपा के इतिहास, विकास यात्रा और संगठन विस्तार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और सक्रियता में निहित है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग के दौरान लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में संगठन सह-प्रभारी जितेन्द्र शर्मा, प्रवासी प्रभारी धर्मेंद्र, मंडल प्रभारी मुरलीधर सोनी, वर्ग प्रभारी मंजू झोरड़, समिति सदस्य सुनील वर्मा और विनोद पुनियां, बजरंग सुडा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दो दिवसीय यह प्रशिक्षण वर्ग भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक ज्ञान, विचारधारा और कार्यशैली को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
