– महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बोलीं—महिपाल सिंह जोधा जैसे युवा कार्यकर्ता कांग्रेस की ताकत
रावतसर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह उस समय चरम पर दिखाई दिया जब कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं युवा समाजसेवी महिपाल सिंह जोधा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी के आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरदारशहर रोड स्थित न्यू मिस्त्री मार्केट में एमआरएफ टायर शोरूम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदेशाध्यक्ष के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारों के बीच उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान महिला कांग्रेस बीकानेर प्रभारी मंजू जेरठिया, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बीकानेर की पूर्व जिला प्रमुख सुशीला सिवर तथा महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुलोचना बावरी का राजस्थानी परंपरा अनुसार साफा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए महिपाल सिंह जोधा ने संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में महिपाल सिंह जोधा की सराहना करते हुए कहा कि देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि महिपाल सिंह जोधा जैसे युवा समाजसेवी कांग्रेस की ताकत हैं। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया ने केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आम जनता महंगाई और अव्यवस्था से परेशान है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए भी लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। युवा कांग्रेसी नेता गोविंद सांगवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने और आमजन की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। आने वाले समय में युवा वर्ग कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ा दिखाई देगा। कार्यक्रम के अंत में महिपाल सिंह जोधा ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए राजनीति सेवा का माध्यम है और वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर काम करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला सरपंच यूनियन जिला अध्यक्ष धर्मपाल थालोड़, सरपंच शार्दुल सिंह बिजारणियां, सरपंच धनराज सिहाग, युवा नेता रोहितास धानका, श्रवण गोदारा, दशरथ सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता नायक, जिला उपाध्यक्ष ममता लूणा सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह आयोजन केवल स्वागत कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कांग्रेस संगठन की मजबूती, युवा नेतृत्व के उभार और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रभावी प्रदर्शन भी साबित हुआ। खास तौर पर महिपाल सिंह जोधा की सक्रिय भूमिका ने संकेत दिया कि वे क्षेत्र की राजनीति में एक मजबूत और प्रभावशाली नेतृत्व के रूप में उभर रहे हैं।
