
हनुमानगढ़। जंक्शन में रोडवेज बस डिपो व ओवरब्रिज के पास स्थित मोबाइल फोन व इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में रात्रि को ताले तोड़कर घुसे अज्ञात चोर ने नए-पुराने मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, नकदी सहित अन्य एक्सेसरीज चोरी कर ली। रात्रि को ही किसी व्यक्ति ने दुकान के ताले टूटे देखे तो उसने दुकानदार को सूचना दी। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार बाबूराम (45) पुत्र सुरेन्द्र पाल अग्रवाल निवासी वार्ड 12, सेक्टर 12, जंक्शन ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसकी जंक्शन में बस डिपो के सामने पुल के पास फ्रेण्डस मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। वह 20 दिसम्बर की रात्रि को करीब 8.30 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। इसके बाद देर रात्रि 1.37 बजे किसी ऑटो वाले के फोन करने पर उसे पता चला कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं और शटर खुला हुआ है। तब उसने घर से दुकान जाकर देखा तो पाया कि दुकान से 30-35 की संख्या में की-पैड मोबाइल फोन, 2 एण्ड्रॉयड मोबाइल फोन, 10-12 की संख्या में स्मार्ट वॉच, 10-15 की संख्या में इयर बड्स, 5-7 की संख्या में बुफर, 15-20 की संख्या में ग्राहकों के पुराने रिपेयर किए हुए एण्ड्रॉयड मोबाइल फोन, गल्ले में रखे कुछ नकद रुपए सहित अन्य सामान गायब है। कोई अज्ञात व्यक्ति दुकान का ताला तोड़कर यह सामान व रुपए चोरी कर ले गया। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर तफ्तीश एएसआई कृष्णलाल के सुपुर्द की।
