हनुमानगढ़। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) नरेंद्र सिंह मीना ने गुरुवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने के स्पष्ट संकेत दिए। एसपी मीणा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश दिए। एसपी कार्यालय पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, राजकंवर, डीएसपी मीनाक्षी और करण सिंह सहित विभिन्न थानों के सीआई रामचंद्र कस्वां, अशोक बिश्नोई, राकेश सांखला, रजनदीप कौर, अनिल चिंदा, सुभाष कच्छावा और अनिल कुमार मौजूद रहे।




पुलिस गार्ड द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एसपी मीना ने जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण, आमजन की सुरक्षा और पुलिस-जन संवाद को प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने स्पष्ट किया कि जिले में संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा और इसके लिए पिछले दस वर्षों के रिकॉर्ड का विश्लेषण कर विशेष रणनीति तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना होगी। एसपी मीना ने बताया कि जिले के सभी थानों का दौरा कर वहां की स्थिति, अपराध के आंकड़ों और लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी। इसके आधार पर क्षेत्रवार रणनीति बनाकर अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया जाएगा तथा पुलिस-जन सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। रात्रिकालीन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए भी विशेष कदम उठाने की योजना बनाई गई है।

एसपी ने बताया कि रात के समय गश्त और नाकाबंदी को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी ताकि चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा अवैध शराब की तस्करी और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करवाया जाएगा और आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। एसपी मीना ने बताया कि जिले से गुजरने वाले अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे (भारतमाला परियोजना) के कारण यातायात और सुरक्षा से जुड़े नए चुनौतियां सामने आ रही हैं।

इन चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस विशेष रणनीति तैयार कर रही है ताकि इस मार्ग पर होने वाली संभावित आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत करना है। इसके लिए पुलिस थानों में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। नए एसपी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल अनुशासन, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करे ताकि आमजन को बेहतर सुरक्षा और न्याय मिल सके।

जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में नरेंद्र सिंह मीना के पदभार संभालने के साथ ही पुलिस प्रशासन में नई ऊर्जा और सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है। आमजन को भी उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
