ऐलनाबाद। नशा मुक्त अभियान को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को प्रभावी और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में दीपक सहारण (पुलिस अधीक्षक, सिरसा) और निकिता खट्टर (पुलिस अधीक्षक, डबवाली) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के विरुद्ध चल रहे अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देश दिए कि जिले में संचालित मेडिकल स्टोर्स और आरएमपी की नियमित एवं सघन निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई मेडिकल स्टोर संचालक नशीली दवाओं की तस्करी अथवा अवैध बिक्री में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उपायुक्त ने कहा कि नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाई जाए और आमजन का सहयोग लिया जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। बैठक में नशे की रोकथाम, जनजागरूकता कार्यक्रमों के विस्तार तथा विभागीय समन्वय को और मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने जिले को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
