- जिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में बनी चुनावी रणनीति, कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जुटने का आह्वान
हनुमानगढ़। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ की संगठनात्मक बैठक सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारियों, बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में राजस्थान कांग्रेस के सहप्रभारी चिरंजीव राव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा तथा जिला सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पीसीसी सचिव प्रद्युम्न सिंह, नोहर विधायक अमित चाचाण, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, विधायक प्रत्याशी अजीत बैनीवाल, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, डीसीसी महासचिव मांगीलाल स्वामी, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया एवं प्रवक्ता मोहनलाल इंदलिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए राजस्थान कांग्रेस के सहप्रभारी चिरंजीव राव ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत के लिए बूथ स्तर का संगठन सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने और आमजन से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के साथ जनता की समस्याओं को भी मजबूती से उठाएं। उन्होंने आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने की बात कही। जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा ने कहा कि पंचायत चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन की मजबूती को परखने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन में हर कार्यकर्ता का महत्व है और बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार करके ही चुनावी मैदान में प्रभावी मुकाबला किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बढ़ाने तथा कांग्रेस की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियां केवल चुनाव के समय शुरू करने के बजाय अभी से जनसंपर्क अभियान को गति देने की जरूरत है। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करें और उनकी समस्याओं को संगठन के स्तर तक पहुंचाएं। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने जिले में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि आगामी पंचायत चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जिले के सभी ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर चुनावी तैयारियों को गति दी जाएगी। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस का संगठन तभी मजबूत होगा, जब कार्यकर्ता लगातार आमजन के बीच मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के साथ संवाद बढ़ाने, स्थानीय समस्याओं एवं मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक में पंचायत चुनाव के संभावित प्रत्याशियों, बूथ कमेटियों, जनसंपर्क अभियान और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुटता के साथ काम करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मजबूत स्थिति में लाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी। इस दौरान आगामी दिनों में बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित करने तथा गांव-गांव जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतारने का संकल्प लिया। मंच का संचालन रामेश्वर चांवरिया ने किया।
