संगरिया। अग्रवंश के प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन के 5180वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अग्रवाल महासभा (रजि.) एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर अग्रवाल महासभा की बैठक अध्यक्ष डॉ. संजय जिन्दल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ कुलदेवी माता लक्ष्मी एवं महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित करके किया गया। महासचिव अमित गर्ग ने कार्यक्रम से संबंधित बिंदुवार एजेंडा प्रस्तुत किया। बैठक में सर्वसम्मति से राजेंद्र बंसल एवं श्रीमती कमल गर्ग को जयंती समारोह का संयोजक नियुक्त किया गया। कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंगला एवं उपाध्यक्ष अविनाश बंसल ने बताया कि 11 अक्टूबर, रविवार को शाम 5 बजे शिव सदन में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। समारोह में बाहर से आए कलाकारों के साथ विद्यालयी बच्चों द्वारा मनमोहक एवं भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
प्रतिभाओं का होगा सम्मान
अग्र प्रतिभा सम्मान समारोह के प्रभारी लवली गर्ग एवं उपाध्यक्ष अशोक कांसल ने बताया कि समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, राजकीय एवं अन्य विशिष्ट सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं भागीदारी करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष सुमन अग्रवाल ने बताया कि जयंती समारोह के अवसर पर महाराजा अग्रसेन जी की भव्य महाआरती भी आयोजित की जाएगी। बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति की गई। वरिष्ठ सदस्य श्याम मित्तल एवं पुरुषोत्तम भुच्चोवाले ने समाज के सभी परिवारों से 10 एवं 11 अक्टूबर को अपने-अपने आवास पर दीपमाला करने की अपील की। अध्यक्ष डॉ. संजय जिन्दल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से जयंती समारोह में सहभागिता करने का आह्वान किया। बैठक में अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्यजन एवं सदस्य उपस्थित रहे।
