
हनुमानगढ़। शहर के ऑटो चालकों ने सोमवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन कर सांकेतिक धरना दिया। ऑटो चालकों का आरोप था कि दो निजी बसों का परमिट-समय सारणी बगैर संचालन हो रहा है। उन्होंने इस संबंध में डीटीओ को ज्ञापन सौंपकर जांच करवाने की मांग की। आजाद ऑटो चालक संघ अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश जैन ने बताया कि डबलीराठान रूट पर दो प्राइवेट बसें चलती हैं। इनमें बस नम्बर आरजे 31 पीए 4441 व बस नम्बर आरजे 31 पीए 4367 शामिल है। यह बसें पीलीबंगा से वाया लोंगवाला, भाम्भूवाली ढाणी, डबलीराठान होते हुए हनुमानगढ़ तक चलती हैं। उक्त दोनों बसें 5 चक्कर लगाती हैं। लेकिन दोनों बसें बिना परमिट व बिना समय सारणी के चल रही हैं। इन बसों के चालक-परिचालक उनकी यूनियन के ऑटो रिक्शा (टैम्पो) चालकों को सवारी नहीं उठाने देते व गाली-गलौज तथा लड़ाई-झगड़ा करते हैं।

इस संबंध में ऑटो चालकों ने पूर्व में भी जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय व डबलीराठान पुलिस चौकी में लिखित शिकायत की थी लेकिन सुनवाई व कार्रवाई नहीं की गई। ऑटो चालकों ने मांग की कि इन दोनों बसों के परमिट तथा समय सारिणी की जांच की जाए। यदि इन बसों का अवैध संचालन हो रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस मौके पर चंडीराम, वेद मक्कासर, लीलाधर शर्मा, मंगतु सिंह, लखवीर, रामलाल, गुरचरण, हरपाल सिंह मौजूद रहे।
