हनुमानगढ़। टाउन शहर के वार्ड 34 में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय निवासियों की नींद उड़ गई है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण मोहल्ले में बने कई घरों की नींवों में पानी चला गया, जिससे लगभग सात-आठ मकान धंस गए हैं और दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वार्ड 34 के निवासी बलजिंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर परिषद और पीएचईडी अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

पानी की लीकेज को दुरुस्त कर पीएचईडी के कर्मचारी चले गए, लेकिन अब मकानों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है। बलजिंद्र ने बताया कि हाल ही में उन्होंने लोन लेकर नया मकान बनाया था, और अब दोबारा मरम्मत का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं है।


उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी लापरवाही की जिम्मेदारी नगर परिषद और पीएचईडी अधिकारियों की है। वार्ड निवासी महिला बिंटू ने कहा कि उनके मकान के पीछे से गुजरने वाली गली में बिछाई गई पाइप लाइन टूट गई है और अब भी पानी उनके मकानों की नींवों में घुसकर उन्हें नुकसान पहुंचा रहा है। जब लाइनमैन मौके पर आए तो उन्हें यह पता नहीं चल सका कि पानी कहां से आ रहा है। अब अधिकारी कह रहे हैं कि पानी नाले से आ रहा है।

निवासियों ने प्रशासन से तुरंत कार्यवाही और उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे और नगर परिषद व पीएचईडी पर कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।
