हनुमानगढ़। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव ने जिले के सभी दुकानदारों, व्यापारियों, मंडी आढ़तियों, उद्यमी संगठनों और विक्रेताओं से मूल्य संकलन कार्य में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र और राज्य की आर्थिक प्रगति का सटीक आकलन करने तथा आमजन के लिए जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी निर्माण में बाजार मूल्यों की समयबद्ध और सही जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जिला कलक्टर ने बताया कि भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा थोक एवं उपभोक्ता मूल्य सूचकांकों के माध्यम से अर्थव्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाती है तथा महंगाई दर के आकलन में इन आंकड़ों का उपयोग किया जाता है। इसी उद्देश्य से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मूल्य सांख्यिकी के अंतर्गत नियमित अंतराल पर खुदरा, थोक, पशुधन उत्पाद, खाद्य वस्तुओं और भवन निर्माण सामग्री के भावों का संकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कार्य आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के अधीन जिला सांख्यिकी कार्यालय और ब्लॉक सांख्यिकी कार्यालयों में पदस्थापित मूल्य संकलनकर्ताओं द्वारा चयनित बाजारों, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा फल-सब्जी मंडियों में जाकर किया जाता है। डॉ. यादव ने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि जब भी ब्लॉक या जिला सांख्यिकी कार्यालय के मूल्य संकलनकर्ता उनकी दुकान या मंडी में भावों की जानकारी लेने आएं, तो उन्हें सही, पूर्ण और वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों द्वारा साझा की गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण, राष्ट्रीय योजनाओं के निर्माण और नीति निर्धारण के लिए किया जाता है। जिला कलक्टर ने कहा कि सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सरकार महंगाई दर का सही आकलन कर आमजन के हित में प्रभावी आर्थिक निर्णय ले सकती है। उन्होंने दुकानदारों, मंडी समितियों, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से मूल्य संकलन व सर्वेक्षण कार्य में जुटे कार्मिकों को पूरा सहयोग देने की अपील की है, ताकि संकलित सूचनाओं का उपयोग देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में किया जा सके।
