चारणवासी/फेफाना। गांव फेफाना में विनोद भादू पर हुए कातिलाना हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। इस दौरान प्रस्तावित थाने के घेराव को स्थगित कर धरना स्थल पर महासभा आयोजित की गई। वक्ताओं ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। धरने पर सुरेंद्र भादू, सुमेर खान, गुलाब सहारण, सौरभ, सुनील कड़वासरा, सोनू, महेश महिया, अजय, धोलू कड़वासरा, उस्मान खान, नरेश कुमार, सलीम, मनोज कड़वासरा, विक्की सिहाग, नरेश डूडी, प्रदीप कुमार, विक्रम भादू, दिनेश कुमार, अनिल कुमार भादू, राजेंद्र आत्माराम भादू, अमन कृष्ण भादू, रमेश सहित कई लोग मौजूद रहे। महासभा को संबोधित करते हुए इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष जयवीर गोदारा ने कहा कि थाने से महज कुछ दूरी पर कातिलाना हमला होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना गुंडों को संरक्षण मिलने का संकेत है और पूरे थाने को ही निलंबित किया जाना चाहिए। अखिल भारतीय किसान सभा के जिलाध्यक्ष मंगेज चौधरी ने कहा कि आम जनता चोरों को पकड़वाना चाहती है, लेकिन अपराधियों को संरक्षण मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि माफियाओं की वजह से ही कुछ थानों की गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले में गोगामेड़ी, नोहर और फेफाना में पुलिस के खिलाफ धरने चल रहे हैं, जो चिंताजनक स्थिति है। पूर्व चेयरमैन राजेंद्र चाचाण ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि फेफाना क्षेत्र में शराब माफियाओं से जुड़ी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, ऐसे में पुलिस को अपना रवैया सुधारना चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रामकृष्ण भाकर ने कहा कि पुलिस व्यवस्था ऐसी बन गई है कि लोगों का न्याय व्यवस्था से विश्वास डगमगाने लगा है। पूर्व उपप्रधान रामकुमार स्वामी और श्रवण तंवर सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर विनोद भादू को न्याय दिलाने के लिए साथ खड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि शराब माफियाओं द्वारा निर्धारित ठेकों और गोदामों के अलावा कहीं और अवैध ब्रांच चलाई गई तो उसका विरोध किया जाएगा। इधर जयपुर में उपचाराधीन विनोद भादू के स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है।

तीन आरोपी गिरफ्तार
थानाधिकारी कैलाशचन्द्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित उर्फ मितु (19) पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी 06 आरपी मिर्जावाली मेर (तलवाड़ा), हर्ष (19) पुत्र मोहनलाल निवासी फेफाना तथा संदीप (36) पुत्र रमेश कुमार निवासी जसाना शामिल हैं। पुलिस टीम में कांस्टेबल काशीराम और कांस्टेबल सुरेश कुमार का विशेष सहयोग रहा। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों और हथियारों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
यह है मामला
फेफाना निवासी सुनील पुत्र मालाराम भादू ने 5 मार्च 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 4 मार्च को नवीनदान चारण, पवनदान चारण, विशाल चारण, कर्ण चारण, संदीप चारण, हर्ष चारण और उनके सहयोगियों अमित उर्फ दांतलिया व अमित हरियाणा सहित अन्य लोगों ने उसके भाई विनोद पर लोहे की रॉड, डंडों, कापा और बरछी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया था।
संवाददाता- जयलाल वर्मा
