नोहर। फौजी ग्रुप नोहर एवं अर्धसैनिक आश्रित सहायता संस्था, नोहर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सेठ श्री गौरीशंकर बिहानी स्टेडियम में नोहर-भादरा क्षेत्र के भारतीय सेनाओं में नव चयनित 36 अग्निवीर युवाओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अमित चाचाण रहे।समारोह में नव चयनित युवाओं का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर क्रॉस कंट्री कोच विनोद फडोलिया का भी विशेष अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के बाद देशभक्ति गीतों की धुन पर शहर के मुख्य मार्गों से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि चयनित युवाओं की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के उच्च मानदंड स्थापित कर क्षेत्र के अन्य युवक-युवतियों के लिए प्रेरणा बनेंगे। मुख्य अतिथि विधायक अमित चाचाण ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत संबोधन देते हुए सभी 36 चयनित प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाजसेवा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही अर्धसैनिक आश्रित सहायता संस्था, नोहर के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम में अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारी बृजलाल गोदारा, अर्जुन सिंह, निहाल सिंह ढाका, नौरंगलाल नेहरा, हरीश गढ़वाल, ओमप्रकाश सहारण, नरेंद्र चब्बरवाल, विनोद थोरी, चंद्रमोहन सहारण, श्याम सिंह राठौड़, ओमप्रकाश सुथार, रूप सिंह, प्रभु सहारण, रामकुमार करनपुरा, विनोद रतनपुरा तथा धीरज नेहरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा भामाशाह घनश्याम गुप्ता, समुंदर सिंह भाटी, हनुमान प्रसाद व्यास, मेघ सिंह राठौड़, नंदलाल वर्मा, बाबूलाल, “ब्लड मैन ऑफ इंडिया” अमरसिंह नायक तथा नव चयनित युवाओं के परिजनों ने भी समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन विजेंद्र सहारण (बड़बिराना) ने किया। समारोह के अंत में संस्था पदाधिकारियों ने सभी चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्रसेवा के पथ पर सदैव अग्रसर रहने का संदेश दिया।
