हनुमानगढ़। बीएलओ सुपरवाइजरों को आगामी पंचायत एवं अन्य चुनावों में ड्यूटी नहीं लगाने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील उपशाखा हनुमानगढ़ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। उपशाखा अध्यक्ष सुरेश जांगिड़ ने बताया कि बीएलओ सुपरवाइजर वर्षभर निर्वाचन संबंधी कार्य करते हैं। ऐसे में आगामी पंचायत एवं अन्य चुनावों में उनकी ड्यूटी चुनाव पार्टी में नहीं लगाई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य 14 जून 2026 को पूर्ण हो चुका है, लेकिन कार्य करने वाले शिक्षक कार्मिकों के खातों में अभी तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। संघ ने लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करवाने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर भी मांग रखी कि यदि किसी परीक्षा का आयोजन दो पारियों में होता है तो दोनों पारियों में अलग-अलग कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही आगामी शैक्षिक सम्मेलनों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों की प्रतियोगी परीक्षाओं में ड्यूटी लगाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि जनगणना कार्य करने वाले कार्मिकों के मानदेय भुगतान को लेकर राज्य स्तर पर वार्ता हो चुकी है। जल्द ही मानदेय का भुगतान होने की उम्मीद है। अन्य मांगों को लेकर भी उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर संगठन जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नांदेवाल, जिला मंत्री अशोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
