हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में डिपार्टमेंट ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर के अंतर्गत संचालित नव प्रविधि क्लब एवं डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेंसिक साइंस एंड साइबर फॉरेंसिक के तत्वावधान में गुरुवार को विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए प्रतिभा, रचनात्मकता, टीम भावना और आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लॉ, फॉरेंसिक साइंस, योग, फार्मेसी, फिजियोथेरेपी, क्लिनिकल साइकोलॉजी, बेसिक साइंस एवं स्पोर्ट्स विभाग की टीमों ने सहभागिता की। कड़े मुकाबले के बाद प्रथम स्थान डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेंसिक साइंस एंड साइबर फॉरेंसिक, द्वितीय स्थान डिपार्टमेंट ऑफ बेसिक साइंस तथा तृतीय स्थान डिपार्टमेंट ऑफ फार्मेसी एवं डिपार्टमेंट ऑफ फिजियोथेरेपी की संयुक्त टीम ने हासिल किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अकादमिक शिक्षा के साथ ऐसी गतिविधियां भी जरूरी हैं, जिनसे उनमें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक कौशल विकसित हो। नव प्रविधि क्लब जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ एक-दूसरे से सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नए प्रयोगों, नवाचार और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जोड़ना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाने वाली प्रतियोगिताएं उनमें सहयोग, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में डिपार्टमेंट ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर के डीन डॉ. विक्रम सिंह औलख, नव प्रविधि क्लब की समन्वयक डॉ. शिखा राजेहा, डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेंसिक साइंस एंड साइबर फॉरेंसिक की विभागाध्यक्ष शालिनी चौहान, डिपार्टमेंट ऑफ फार्मेसी के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित गिरधर, ऋषि सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। मंच संचालन मनमीत कौर ने किया।
