हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन के भद्रकाली रोड पर अधूरा पड़ा सड़क निर्माण कार्य अब हादसों की वजह बनने लगा है। मंगलवार को यहां हुए एक सड़क हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत हनुमानगढ़ टाउन के जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार को भद्रकाली रोड से ग्वार के कट्टों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी।

निर्माणाधीन सड़क में बने गहरे गड्ढे से निकलते समय ट्रॉली अनियंत्रित होकर एक तरफ पलट गई। ट्रॉली पलटने से उसमें रखी ग्वार की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बाइक सवार युवक इसकी चपेट में आकर गिर पड़ा, जिससे उसके चोटें आईं। उसे आसपास के लोगों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

सामाजिक कार्यकर्ता भगवान सिंह खुड़ी ने बताया कि भद्रकाली रोड पर पिछले करीब डेढ़ साल से पांच किलोमीटर तक की सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। पीडब्ल्यूडी विभाग और ठेकेदार की मनमानी के कारण निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे सड़क की हालत खराब बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अधूरी सड़क और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसी माह मां भद्रकाली मंदिर में नवरात्रों में मेला भरेगा। लेकिन प्रशासन को कोई सरोकार नहीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा करवाने और सुरक्षा के उचित प्रबंध करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
