हनुमानगढ़। जिले में भूमि कन्वर्जन से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी ने मंगलवार को जिला कलक्टर एवं एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करवाया। उन्होंने पत्र लिखकर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने तथा आमजन, भू-स्वामियों एवं आवेदकों को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाने की मांग की। ओम सोनी ने पत्र में कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किए जाने के बावजूद भूमि कन्वर्जन से जुड़े कई प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं। इसके कारण आवेदकों के निर्माण, व्यवसाय एवं अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को अपने प्रकरणों की स्थिति जानने और निस्तारण के लिए बार-बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकरण में दस्तावेजों या नियमों के तहत कोई कमी है तो संबंधित आवेदक को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वह समय रहते आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाकर प्रक्रिया पूरी कर सके। बिना स्पष्ट कारण प्रकरणों को लंबित रखना आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। ओम सोनी ने मांग की कि भूमि कन्वर्जन से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा कर प्रत्येक प्रकरण के निस्तारण की समय-सीमा तय की जाए। साथ ही अनावश्यक देरी के वास्तविक कारणों की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र आवेदकों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या अनावश्यक टालमटोल नहीं हो तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित पाए जाते हैं तो जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। ओम सोनी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को राहत देना होना चाहिए। किसी भी वैध एवं पात्र व्यक्ति को अपने अधिकार से जुड़े कार्य के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए भूमि कन्वर्जन की प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाना आवश्यक है।
