हनुमानगढ़। गांव गुरुसर में गुरुवार को अंबुजा फाउंडेशन बठिंडा के जोनल मैनेजर की ओर से कृषि क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं, श्रमिक महिलाओं एवं किशोर बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं के मोबाइल फोन में राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करवाया गया तथा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही राज्य सरकार की ओर से जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090, बच्चों की सहायता के लिए 1098 तथा साइबर अपराध से संबंधित मामलों में 1930 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं किशोरियों को यातायात नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर सुरक्षा, अधिकारों और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया, पूर्व सरपंच रामेश्वर लाल कड़ेला भी मौजूद रहे।
