हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बाबा रामदेव मंदिर में माघ सुदी दशमी के मौके पर बुधवार, 28 जनवरी को मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मेले से पूर्व सोमवार रात्रि को मंदिर परिसर में जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें बाबा रामदेव के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। जागरण के मुख्य यजमान आशु गोयल एवं जोनी सिंगला रहे। जागरण में भजन गायक साहिल मेहरा एंड पार्टी ने बाबा रामदेव के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। मेला समिति सदस्य पवन गर्ग एवं सोनू शेखावत ने बताया कि 28 जनवरी, माघ सुदी दशमी को प्रात: काल से ही बाबा रामदेव मंदिर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। दिनभर मेले का आयोजन रहेगा, जिसमें दूर-दराज से आए भक्त बाबा रामदेव के दर्शन कर मन्नतें मांगेंगे। मेले के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहेगा। मेला आयोजन के अंतर्गत शाम 7 बजे बाबा रामदेव की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर समुचित इंतजाम किए गए हैं, ताकि सभी भक्त शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन कर सकें। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी व लाइटिंग सजावट से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा बाबा रामदेव मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का अद्भुत केन्द्र बना हुआ है।
