हनुमानगढ़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय राजस्थान, जयपुर की ओर से चलाए जा रहे ईट राइट अभियान के तहत बुधवार को टाउन स्थित सेठ राधाकिशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थानÓ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन, खाद्य पदार्थांे में मिलावट की पहचान तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा दल की टीम ने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील व्यवस्था का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सामग्री के भंडारण, स्टोर में रखे गेहूं आदि की जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। खाद्य सुरक्षा टीम ने बालिकाओं को घरेलू स्तर पर खाद्य पदार्थांे में मिलावट की जांच करने के आसान तरीके भी बताए। उन्हें समझाया गया कि सामान्य घरेलू टेस्ट के माध्यम से खाद्य सामग्री में मिलावट की प्राथमिक स्तर पर पहचान कैसे की जा सकती है। साथ ही खाद्य उत्पाद खरीदते समय उसके लेबल, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, सामग्री और अन्य आवश्यक जानकारियां अवश्य पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं सुरक्षित भोजन बेहद जरूरी है। बालिकाओं से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मिलावट से बचाव तथा सही खान-पान के प्रति जागरूक करें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि ईट राइट अभियान का उद्देश्य बच्चों और आमजन को सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थांे के प्रति जागरूक करना है। खान-पान की गलत आदतों और असुरक्षित खाद्य सामग्री से स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में बचपन से ही सही खान-पान की आदतें विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ेगी तो स्वस्थ समाज की दिशा में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।
