हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित मुख्य डाकघर कार्यालय को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के चलते पुलिस हरकत में आ गई। जानकारी के अनुसार, धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई। पुलिस ने एहतियातन पोस्ट ऑफिस को खाली करवाने का कदम उठाया और मुख्य गेट को बंद कर सुरक्षा बढ़ा दी। जंक्शन थाना पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने पोस्ट ऑफिस परिसर की तलाशी ली। मेटल डिटेक्टर से संदिग्ध वस्तु ढूंढने का प्रयास किया लेकिन इस बार भी कुछ हाथ नहीं लगा। यह घटना पिछले 23 दिन के भीतर तीसरी बार हुई है, जिससे कर्मचारियों और जनता में चिंता का माहौल बना हुआ है। बार-बार मिल रही इन धमकियों से कर्मचारियों और आमजन में डर का माहौल बना हुआ है, जिससे रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार यह किसी शरारती तत्व या संगठित साइबर गिरोह की करतूत हो सकती है, जिसका उद्देश्य दहशत फैलाना है। साइबर सेल की टीम इन ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। इससे पहले 10 मार्च व उसके बाद 27 मार्च को मुख्य डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। वहीं, इससे पूर्व दो बार जिला कलक्ट्रेट को भी इसी तरह की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हो चुके हैं। पिछले वर्ष 14 अप्रैल और 14 दिसंबर को भी हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के अन्य जिला कलक्ट्रेट को धमकियां मिली थीं, जो जांच में झूठी साबित हुई थीं।
