हनुमानगढ़। रात को टहलने निकले बुजुर्ग पर पीछे से लकड़ी से करने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में भिरानी पुलिस थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार अमरपुरा निवासी बजरंग सिंह पातलान (47) पुत्र रामस्वरूप पातलान ने थाने में लिखित रिपोर्ट देकर बताया कि उसके पिता रामस्वरूप पातलान 20 मई की रात करीब 10.25 बजे भोजन करने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। वापस लौटते समय सांगड़ा वाली रोड के सामने पहुंचने पर पीछे से आए अज्ञात व्यक्ति ने लकड़ी से उन पर हमला कर दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने रामस्वरूप के सिर पर कई वार किए, जिससे उनके सिर से काफी खून बहा और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमला करने के बाद आरोपी गांव की तरफ भाग गया। कुछ समय बाद घायल रामस्वरूप को होश आने पर उन्होंने अपने पुत्र बजरंग सिंह को रात करीब 10.30 बजे फोन कर सूचना दी। परिजनों के अनुसार गांव के एक व्यक्ति ने घायल अवस्था में रामस्वरूप को देखकर उन्हें घर पहुंचाया। इसके बाद तत्काल गांव के सरकारी अस्पताल से डॉक्टर को बुलाकर उनका उपचार करवाया गया। पुलिस ने रिपोर्ट और चोटों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल रणधीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
