हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नंबर 45 में कम विद्युत वोल्टेज की समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों ने शुक्रवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। वार्डवासियों ने विशेष रूप से मिथिला कॉलोनी में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग उठाई। वार्ड निवासी नीलंभर कुमार, पुरुषोत्तम कौशिक और अनिल यादव ने बताया कि वार्ड में पिछले काफी समय से बिजली की समस्या बनी हुई है। खासकर रात के समय वोल्टेज बेहद कम हो जाने से घरेलू विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पाते। पंखे तक पर्याप्त गति से नहीं चलने के कारण भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गांे को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि बिजली की समस्या की जानकारी देने के लिए कई बार संबंधित लाइनमैन को फोन किया जाता है, लेकिन कॉल अटेंड नहीं की जाती। कई बार फोन स्विच ऑफ भी मिलता है।

ऐसे में उपभोक्ताओं को अपनी समस्या डिस्कॉम तक पहुंचाने में भी परेशानी होती है। वार्डवासियों के अनुसार उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों को कई बार मौखिक रूप से समस्या से अवगत करवाया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि लगातार कम वोल्टेज की समस्या को देखते हुए वार्ड में नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना जरूरी है। इससे बिजली का लोड विभाजित होने के साथ लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली व्यवस्था सुचारू करवाने की मांग की। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मोहल्लेवासी एकजुट होकर डिस्कॉम के सहायक अभियंता कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे।
