– निर्दलीय प्रत्याशी बोले-हर चुनाव में वोट मांगने आते हैं कांग्रेस-भाजपा के नेता, जीतने के बाद वार्ड में नहीं दिखते; दूषित पानी की समस्या दूर करवाना भी प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में जंक्शन के वार्ड नंबर 40 से निर्दलीय प्रत्याशी अजय सोनी चुनाव मैदान में हैं। वे वार्ड में जनसंपर्क कर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। अजय सोनी ने अपने स्थानीय जुड़ाव को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाते हुए कहा कि वे इसी वार्ड में पले-बढ़े हैं और यहां की समस्याओं को लंबे समय से देखते और समझते आए हैं। अजय सोनी ने कहा कि प्रत्येक चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा के नेता वार्ड में वोट मांगने पहुंचते हैं। चुनाव जीतने के बाद वही नेता दोबारा वार्ड में दिखाई नहीं देते और जनता की समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि इसी राजनीतिक परंपरा को बदलने के उद्देश्य से उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासियों ने उन्हें मौका दिया तो वे चुनाव जीतने के बाद भी जनता के बीच रहकर समस्याओं को सुनेंगे और उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
नशे पर अंकुश और दूषित पानी का समाधान प्राथमिकता
निर्दलीय प्रत्याशी ने कहा कि वार्ड में नशे की समस्या गंभीर है। जीतने के बाद नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाना और युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने वार्ड में दूषित पानी की सप्लाई की समस्या का भी मुद्दा उठाया। संजय सोनी ने कहा कि यदि जनता का समर्थन मिला तो दूषित पानी की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाने के लिए संबंधित स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
महंगाई को लेकर भाजपा पर निशाना
अजय सोनी ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि चीनी के दाम बढ़ गए हैं और पड़ोसी राज्यों की तुलना में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी अंतर है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि महंगाई को लेकर लोगों में भाजपा के प्रति आक्रोश है।
कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय के साथ जाने पर भी सवाल
अजय सोनी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर विजयी हुए एक प्रत्याशी बाद में अपनी पार्टी छोड़कर निर्दलीय विधायक के साथ चले गए। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति अपनी पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध नहीं रहा, वह वार्डवासियों के प्रति कितना प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने वार्डवासियों से आगामी 11 सितंबर को होने वाले नगर परिषद चुनाव में अपने चुनाव चिह्न सिलाई मशीन पर मतदान करने तथा अधिकाधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की।
