– चुनावी सभा में भाजपा युवा नेता ने विपक्ष पर डराने-धमकाने का लगाया आरोप, बोले-भाजपा का बोर्ड बना तो एक साल में दिखेगा बदलाव
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में जंक्शन के वार्ड नंबर 8 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी काजल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन सोमवार को भाजपा युवा नेता अमित सहू ने किया। इस अवसर पर आयोजित चुनावी सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं वार्डवासी मौजूद रहे। सभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं ने चुनावी अभियान को गति देने का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा युवा नेता अमित सहू ने कहा कि शहर सहित वार्ड नंबर 8 में भाजपा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है।

उन्होंने विपक्ष पर वार्डवासियों को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इस बार भय और भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान करेगी। सहू ने विपक्षी खेमे की एक प्रत्याशी के पति पर पूर्व में एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि वार्डवासी ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह जागरूक हैं और इस बार निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
‘मेहनतकश लोगों को डरने की जरूरत नहीं’
अमित सहू ने कहा कि वार्ड के लोग मेहनतकश और ईमानदार हैं तथा अपने परिश्रम से रोजी-रोटी कमाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उनके काम में बाधा डालने या उन्हें डराने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों से अपील की कि वे बिना किसी दबाव के निर्भय होकर मतदान करें।
सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का दावा
एक सवाल के जवाब में सहू ने कहा कि व्यक्ति की सोच और उसकी राजनीतिक कार्यशैली का असर उसके द्वारा चुने गए उम्मीदवारों पर भी दिखाई देता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने नगर परिषद के सभी 60 वार्डों में विभिन्न जाति-बिरादरी के स्वच्छ एवं साफ छवि वाले लोगों को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने निर्दलीय विधायक पर निशाना साधते हुए उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों का जिक्र किया और आरोप लगाया कि उनके समर्थित प्रत्याशियों की राजनीति भी डर और दबाव पर आधारित है। वहीं उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति जनता के प्रति विश्वास और विकास के एजेंडे पर आधारित है।
‘भाजपा बोर्ड बना तो एक साल में दिखेगा बदलाव’
अमित सहू ने दावा किया कि यदि नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनता है तो एक वर्ष के भीतर शहर में काफी बदलाव दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पट्टों से जुड़े कार्यों के साथ-साथ सड़क, नाली और अन्य मूलभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता से करवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वार्ड के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। सभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी काजल के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
