– कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में तेज हुआ जनसंपर्क अभियान; भगत नामदेव गुरुद्वारा साहिब में अरदास के साथ लगाई जलजीरे व छबील, समर्थकों ने मांगा कांग्रेस के पक्ष में जनादेश
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में जंक्शन के वार्ड नंबर 49 से कांग्रेस प्रत्याशी अमनदीप कौर के समर्थन में चुनावी जनसंपर्क अभियान जोर-शोर से जारी है। कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर अमनदीप कौर के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को अमनदीप कौर की ओर से भगत नामदेव गुरुद्वारा साहिब में क्षेत्रवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए अरदास करवाई गई। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के समक्ष जलजीरे एवं छबील भी लगाई गई।
गांधीनगर फुटओवरब्रिज को बताया सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा
कांग्रेस समर्थक नवदीप सिंह राणा ने कहा कि इस बार वार्ड के चुनाव में गांधीनगर फुटओवरब्रिज सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि यह फुटओवरब्रिज कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था और निर्माण के लिए पूरी राशि भी जमा करवाई जा चुकी है। वर्तमान में फुटओवरब्रिज का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है तथा केवल सीढ़ियों का निर्माण शेष है, लेकिन इसके बावजूद काम अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि अमनदीप कौर चुनाव जीतती हैं और नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनता है तो फुटओवरब्रिज का निर्माण पूरा करवाना उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रहेगा।
पूर्व पार्षद पर काम में अड़ंगा लगाने का आरोप
नवदीप सिंह राणा ने वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे एक पूर्व पार्षद पर फुटओवरब्रिज के निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में उनकी मंशा फुटओवरब्रिज का निर्माण पूरा करवाने की होती तो अब तक यह कार्य पूरा हो चुका होता। उन्होंने दावा किया कि निर्माण कार्य उन्हीं के कारण रुका हुआ है और अब चुनाव के समय इसके निर्माण को पूरा करवाने की बात कही जा रही है।
निर्दलीय बोर्ड को लेकर भी साधा निशाना
नवदीप सिंह राणा ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी को वोट देने का कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि निर्दलीयों का बोर्ड बनने पर सरकार से अपेक्षित सहयोग और सुविधाएं मिलने में दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार और नगर परिषद के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उनका दावा था कि यदि निर्दलीयों का बोर्ड बनता है तो शहर विकास की दौड़ में पीछे रह जाएगा और वार्ड भी गांव जैसा नजर आने लगेगा।
नशे के मुद्दे पर भी विपक्षियों को घेरा
उन्होंने कहा कि वार्ड में नशे की समस्या भी गंभीर रूप ले चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोग भी नशा बंद करवाने की बातें कर रहे हैं, लेकिन जिनका कथित रूप से नशे का कारोबार ही रोजी-रोटी का साधन बना हुआ है, उनसे इस काम को छोड़ने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने ऐसी घोषणाओं को केवल कहने और दिखावे की बातें बताया। अंत में नवदीप सिंह राणा ने वार्डवासियों से नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। उन्होंने अमनदीप कौर के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने तथा नगर परिषद में कांग्रेस को मजबूत जनादेश देने का आह्वान किया।
