– चूरू जोन प्रभारी भगवान सिंह बाबा की मौजूदगी में ग्रहण की सदस्यता, बोले-लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोट की चोरी नहीं होनी चाहिए
हनुमानगढ़। विजय पेशवानी ने शुक्रवार को पुन: बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने चूरू जोन प्रभारी भगवान सिंह बाबा की मौजूदगी में सर्किट हाउस में बसपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भगवान सिंह बाबा ने बताया कि प्रदेश प्रभारी रामजी गौतम एवं प्रदेशाध्यक्ष से चर्चा के बाद विजय पेशवानी को हनुमानगढ़ जिले में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। भगवान सिंह बाबा ने कहा कि हनुमानगढ़ में पूर्व में बसपा का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने 2008 के चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बसपा प्रत्याशी कुछ मतों के अंतर से चुनाव हारे थे। नोहर में वर्तमान कांग्रेस विधायक अमित चाचाण भी पूर्व में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और कुछ मतों के अंतर से हार गए थे। उन्होंने भादरा में भी पार्टी के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले में पार्टी का जनाधार बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय पेशवानी संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाएंगे। विजय पेशवानी ने कहा कि वे बसपा की विचारधारा से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान निर्माण में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि बसपा बाबा साहेब के विचारों पर चलने वाली पार्टी है। पेशवानी ने आरोप लगाया कि वर्तमान में लोकतंत्र में वोट चोरी, पेपर चोरी और चंदा चोरी जैसे मुद्दे चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई की जाती है और ईडी का डर दिखाया जाता है। उन्होंने लोकतंत्र को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को जनता के अधिकारों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। नगर निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए पेशवानी ने आरोप लगाया कि भाजपा को हराने वाले विपक्षी पार्षदों को डराया-धमकाया जा रहा है और छापे मारे जा रहे हैं, ताकि नगर निकायों में भाजपा के बोर्ड बनाए जा सकें। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया और ‘ईवीएम हटाओ, देश बचाओ’ का नारा देते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोट की चोरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बसपा इन मुद्दों को लेकर आंदोलन करेगी और आगामी चुनावों में अपने बैनर के नीचे चुनाव लड़ेगी। गौरतलब है कि विजय पेशवानी पूर्व में भी लंबे समय तक बसपा में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने बसपा के टिकट पर जयपुर से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। इस मौके पर जोन प्रभारी प्रेम कुमार नायक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र मेघवाल मौजूद रहे।
