हनुमानगढ़। पचपदरा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर शनिवार को हनुमानगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। इसी क्रम में सदर थाना पुलिस ने सूरतगढ़ फोरलेन स्थित टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी की। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 3 जुलाई से 16 जुलाई तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहनों पर काली फिल्म सहित मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए। सुबह करीब आठ बजे से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 25 चालान किए, जबकि बिना हेलमेट चल रही 10 मोटर साइकिलों को जब्त (सीज) किया गया। यह कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक शैतानाराम के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
