ऐलनाबाद। शहर के रेलवे रोड स्थित श्री दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। नवरात्र के पांचवें दिन मंदिर परिसर में भव्य मंगल पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के प्रचार मंत्री एमपी तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य पूजनकर्ता चतुर्भुज चाचाण द्वारा किया गया।

उन्होंने सपरिवार माता की ज्योति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मंगल पाठ का शुभारंभ किया और माता रानी की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मंजू सोनी एंड पार्टी द्वारा किया गया मंगल पाठ वाचन रहा। पाठ के दौरान मंडली ने माता रानी के मधुर भजन प्रस्तुत किए, जिनकी सुरमयी धुनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। इस अवसर पर श्रद्धालु सोनू गुप्ता द्वारा माता रानी के दरबार में 56 भोग का भव्य प्रसाद अर्पित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में मंदिर समिति के कई पदाधिकारी एवं शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें मदन लाल शर्मा (संरक्षक), गंगा सिंह गहलोत (उपप्रधान), नीरज बंसल (सचिव), दीनदयाल धानुका हैदराबाद (ट्रस्टी), राजकुमार बणी वाला, संदीप तलवाडिया, दीपू बणी वाला और विजय तलवाडिया (ट्रस्टी) सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि चैत्र नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी हो रही है।
