हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट 1, 2, 4, 5 और 6 की टीम ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने सारस्वत भवन तथा जाट कन्या छात्रावास में पहुंचकर वहां रह रही महिलाओं व बालिकाओं को राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया और इसके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने बताया कि राजकोप सिटीजन ऐप के माध्यम से आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता ली जा सकती है। इस दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं ने पुलिस के इस जागरूकता अभियान की सराहना की।

